राजस्थान शिक्षक संघ (अंबेडकर) की नई कार्यकारिणी घोषित, किया स्वागत
राजस्थान शिक्षक संघ (अंबेडकर) जिला डीडवाना-कुचामन का वार्षिक अधिवेशन एवं जिला कार्यकारिणी चुनाव रविवार को रांदड़ भवन, मकराना में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी छोटूराम गोठवाल एवं चुनाव पर्यवेक्षक पूर्णराम लाछड़ी के निर्देशन तथा प्रांतीय महामंत्री सोहन जोहराम के सानिध्य में संपन्न कराई गई।
निर्वाचन प्रक्रिया में जिले भर से आए शिक्षक साथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा सर्वसम्मति से नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। निर्वाचन उपरांत घोषित कार्यकारिणी में जिलाध्यक्ष पद पर धन्नाराम गौड़, सभाध्यक्ष पद पर अन्नाराम मिडल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर ओंकार लाल भाटी, उपाध्यक्ष पद पर प्रह्लाद राम लुनिया, कोषाध्यक्ष पद पर जगदीश प्रसाद दुबरिया, महामंत्री प्रशासन पद पर नरेन्द्र मौर्य तथा महामंत्री संगठन पद पर सुगना राम गांधी को निर्वाचित किया गया।
इसके अतिरिक्त विभिन्न पदों पर योग्य एवं सक्रिय शिक्षक साथियों को संगठन की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस अवसर पर प्रांतीय महामंत्री सोहन जोहराम ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने, शिक्षकों की समस्याओं के समाधान हेतु संघर्षरत रहने तथा शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
चुनाव अधिकारी छोटूराम गोठवाल एवं पर्यवेक्षक पूर्णराम लाछड़ी ने निर्वाचन प्रक्रिया के शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक ढंग से संपन्न होने पर सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष धन्नाराम गौड़ ने संगठन के सभी सदस्यों का विश्वास जताने के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि शिक्षक हितों की रक्षा, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा संगठन की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए शिक्षक प्रतिनिधियों एवं संघ के पदाधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। चुनाव संपन्न होने के बाद सभी सदस्यों ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।




