राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बूंदी स्थित होटल अनंता में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगामी कोटा दौरे की रूपरेखा साझा की। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि राहुल गांधी अपने कोटा प्रवास के दौरान विशेष रूप से कोचिंग छात्रों से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे।
डोटासरा ने कहा कि कोटा पूरे देश में शिक्षा की काशी के रूप में जाना जाता है, जहां देश के विभिन्न राज्यों से छात्र अपने सपनों को साकार करने के लिए आते हैं। राहुल गांधी का यह दौरा छात्रों पर बढ़ते मानसिक तनाव, कोचिंग फीस, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को समझने तथा उन पर चर्चा करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
पत्रकार वार्ता के दौरान गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था, युवाओं के रोजगार और भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है और एक बार फिर पेपर लीक जैसे मामलों की आशंका बढ़ती दिखाई दे रही है।
डोटासरा ने कहा कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार और प्रशासनिक धांधली के आरोप भी लगाए तथा कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर उचित जवाब देगी।
राहुल गांधी के प्रस्तावित कोटा दौरे को लेकर हाड़ौती अंचल के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। डोटासरा ने बताया कि दौरे की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के स्वागत को ऐतिहासिक बनाने में जुटे हुए हैं।
इस दौरान विधायक हरिमोहन शर्मा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष महावीर मीणा, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं पूर्व जिला प्रमुख चंद्रावती कंवर, पीसीसी सदस्य सत्येश शर्मा, शहर अध्यक्ष शैलेश सोनी, बूंदी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकरण मीणा, वरिष्ठ पार्षद टीकम जैन, जिला परिषद सदस्य मधु वर्मा सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




