पुणे में राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले NSUI-ABVP में झड़प, 50-60 कार्यकर्ताओं पर केस
पुणे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले पुणे में छात्र राजनीति गरमा गई। शुक्रवार रात COEP टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल कैंपस में NSUI और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। विवाद बढ़ने के बाद हॉस्टल परिसर में पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
यह विवाद शनिवार को राहुल गांधी के छात्रों के साथ होने वाले संवाद कार्यक्रम से ठीक पहले हुआ। दोनों छात्र संगठनों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद पुलिस ने मारपीट के मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जबरन रजिस्ट्रेशन कराने का आरोप
ABVP का आरोप है कि कांग्रेस और उससे जुड़े छात्र संगठन के कार्यकर्ता छात्राओं पर राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने और रजिस्ट्रेशन कराने के लिए दबाव बना रहे थे। संगठन का कहना है कि इसी मुद्दे को लेकर कैंपस में विवाद शुरू हुआ और बाद में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
वहीं, NSUI ने इन आरोपों को लेकर अलग दावा किया है। NSUI का कहना है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम के समर्थन में बोलने वाली दो छात्राओं को ABVP से जुड़े सदस्यों ने हॉस्टल में रोका और उन्हें धमकाया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई।
6 नामजद समेत कई लोगों के खिलाफ मामला
मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, ABVP के एक छात्र के साथ मारपीट के मामले में 6 नामजद आरोपियों के अलावा करीब 50 से 60 NSUI और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पक्षों के बयान ले रही है और हॉस्टल परिसर में हुई झड़प की जांच की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कैंपस में पुलिस बल की तैनाती भी की गई।
आज छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी शनिवार को पुणे में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से बातचीत करेंगे। इस कार्यक्रम के जरिए वे युवाओं से सीधे संवाद कर शिक्षा, रोजगार और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं।
इससे पहले राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत देश के अलग-अलग शहरों में छात्रों से मुलाकात कर चुके हैं। 17 जून को कोटा, 17 जुलाई को देहरादून और 8 अगस्त को प्रयागराज में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।



