कात्रज स्थित श्री खेतेश्वर महाराज मंदिर में आयोजित चतुर्थ पाटोत्सव (वर्षगांठ) समारोह श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। दो दिवसीय इस भव्य आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं, समाजबंधुओं एवं संत-महात्माओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक वातावरण को और अधिक दिव्य बना दिया।
यह समारोह अनन्त विभूषित ब्रह्मऋषि ब्रह्मचारी ब्रह्म सावित्री सिद्धपीठाधीश्वर संत श्री तुलछारामजी महाराज, साधु समाज राष्ट्रीय सचिव महामंडलेश्वर श्री निर्मलदासजी महाराज, परम दयालु संत श्री बालकदासजी महाराज एवं धाम गादीपति संत श्री घनश्यामदासजी महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित किया गया।
18 एवं 19 जून 2026 को आयोजित इस दो दिवसीय धार्मिक महोत्सव के दौरान विशाल भक्ति संध्या, संत प्रवचन, धर्मसभा एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजपुरोहित समाज सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भक्ति संध्या में सुप्रसिद्ध युवा भजन गायक हेमेंद्र राजपुरोहित एंड पार्टी ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। देर रात तक चले भजनों और सत्संग के दौरान पूरा मंदिर परिसर जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा।
आयोजन के दौरान परम पूज्य गुरुदेव ब्रह्मलीन ब्रह्मर्षि श्री श्री 1008 श्री खेतेश्वरजी महाराज की पुण्य स्मृति में विशेष धर्मसभा का आयोजन किया गया। संत-महात्माओं ने धर्म, संस्कार, समाज संगठन और आध्यात्मिक जीवन पर प्रेरणादायक विचार व्यक्त करते हुए समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया।
समारोह के समापन पर विशाल महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ प्राप्त किया। आयोजन को सफल बनाने में समाज के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर मोहनसिंह चावंडा, गिरधारीसिंह बालोतरा, रेवंतसिंह, नारायणसिंह नोरवा, दिनेशसिंह देसलसर, महेंद्रसिंह कारलू, गजेन्द्रसिंह नोरवा, तूफानसिंह साकरणा, पूर्व प्रधान धुकसिंह भीनमाल, उम्मेदसिंह डोली, प्रहलादसिंह, ओमसिंह डोड़ू, लालसिंह कुंवारड़ा, नारायणसिंह धोलेरिया, दिलीपसिंह वायद, कमलेश तोलियासर, बाबूसिंह मादा, सतीशसिंह, ओमसिंह तालकिया, बाबूसिंह डेरिया, सुरेशसिंह चावंडिया, प्रवीणसिंह चावंडा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजबंधु एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।




