पीटीईटी-2026 को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए वीएमओयू पूरी तरह तैयार
कुलगुरु प्रो. बीएल वर्मा ने उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा को तैयारियों से कराया अवगत
प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण शिक्षक शिक्षा प्रवेश परीक्षाओं में शामिल पीटीईटी-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (वीएमओयू), कोटा के कुलगुरु एवं पीटीईटी-2026 के मुख्य समन्वयक प्रो. बीएल वर्मा ने रविवार को राजस्थान के उप मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा से शिष्टाचार भेंट कर परीक्षा की व्यापक तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक के दौरान प्रो. वर्मा ने बताया कि 14 जून को पूरे राजस्थान में एक साथ पीटीईटी-2026 का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा के लिए केंद्रों की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, अभ्यर्थियों की सुविधाओं तथा प्रश्नपत्रों की गोपनीयता सुनिश्चित करने हेतु विशेष इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, व्यवस्थित और विश्वसनीय बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर रहा है। परीक्षा केंद्रों पर अभय कमांड सेंटर के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाएगी। साथ ही बायोमैट्रिक सत्यापन, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया जाएगा, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
प्रो. वर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य अभ्यर्थियों को निष्पक्ष एवं सुरक्षित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि चयन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे। उन्होंने परीक्षा संचालन से जुड़े सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और तैयारियों की भी जानकारी दी।
राज्य सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षा को सफल बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से लाखों अभ्यर्थियों को पारदर्शी एवं व्यवस्थित परीक्षा प्रक्रिया का लाभ मिलेगा।




