खाजूवाला के डॉ. पृथ्वीराज पंवार ने हिन्दी में पीएचडी प्राप्त की
खाजूवाला/बीकानेर के ग्राम पंचायत चक 14 बीडी निवासी डॉ. पृथ्वीराज पंवार ने श्री जगदीशप्रसाद झाबरमल टिबड़ेवाला विश्वविद्यालय, झुंझुनूं (राजस्थान) से हिन्दी विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस शैक्षणिक उपलब्धि पर परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
डॉ. पंवार का शोध-विषय “ममता कालिया के कथा-साहित्य में सामाजिक बोध : महानगरीय परिवेश के संदर्भ में” रहा। इस शोध में समकालीन हिन्दी साहित्य की प्रसिद्ध कथाकार ममता कालिया के कथा-साहित्य में सामाजिक चेतना, महानगरीय जीवन, पारिवारिक संबंधों, स्त्री-विमर्श तथा बदलते सामाजिक मूल्यों का गहन अध्ययन किया गया है।
यह शोध कार्य डॉ. कुलदीप गोपाल शर्मा के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। शोधार्थी ने अपने अध्ययन के माध्यम से आधुनिक हिन्दी कथा-साहित्य के सामाजिक सरोकारों को नई दृष्टि प्रदान करने का प्रयास किया है।
डॉ. पृथ्वीराज पंवार की यह उपलब्धि हिन्दी साहित्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उनकी शोधकृति न केवल हिन्दी आलोचना एवं अनुसंधान को समृद्ध करेगी, बल्कि आगामी शोधार्थियों और साहित्य प्रेमियों के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगी।
उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों ने मिठाई खिलाकर खुशी जताई और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। क्षेत्र के लोगों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




