विधायक प्रमोद जैन भाया ने गांव-गांव पहुंच जताया मतदाताओं का आभार
अन्ता विधानसभा उपचुनाव में ऐतिहासिक मतों से विजय प्राप्त करने के बाद विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया की धन्यवाद यात्रा लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को उन्होंने मांगरोल तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और समर्थन, स्नेह तथा आशीर्वाद के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
धन्यवाद यात्रा के दौरान विधायक प्रमोद जैन भाया भगवानपुरा, मोतीपुरा, हरसोली, बल्देवपुरा, मूण्डली, महुआ, किशनपुरा, बोरदा, शाहपुरा, पाकलखेड़ा, नवलपुरा और रायथल सहित कई गांवों में पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा उदपुरिया भी उनके साथ मौजूद रहे। ग्रामीणों ने दोनों नेताओं का जगह-जगह फूल-मालाओं से आत्मीय और उत्साहपूर्ण स्वागत किया।
यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, अभाव-अभियोगों और स्थानीय मुद्दों को विधायक भाया के समक्ष रखा। विधायक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विधायक प्रमोद जैन भाया ने कहा कि उन्होंने हमेशा क्षेत्र के विकास, समृद्धि और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि चाहे निर्माण कार्य हों या शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, हर कदम पर जनता की आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर कार्य किया गया है और आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ जनता की सेवा जारी रहेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और इसी विश्वास के बल पर वे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
धन्यवाद यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और आमजन की बड़ी संख्या मौजूद रही। पूरे कार्यक्रम में जनसमर्थन और उत्साह का माहौल देखने को मिला।




