कैंसर से लंबी जंग के बाद हुआ अभिनेता प्रदीप रावत का निधन
मुंबई: हिंदी सिनेमा के दमदार अभिनेता प्रदीप रावत का बुधवार दोपहर मुंबई में अंतिम संस्कार किया जाएगा। 'लगान', 'गजनी', 'सरफरोश' और कई यादगार फिल्मों में अपने प्रभावशाली अभिनय से पहचान बनाने वाले प्रदीप रावत का 74 वर्ष की उम्र में कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया। उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री और प्रशंसकों के बीच शोक की लहर है।
आज दोपहर 2 बजे होगा अंतिम संस्कार
अभिनेता प्रदीप रावत का अंतिम संस्कार आज दोपहर 2 बजे मुंबई के गोरेगांव (पश्चिम) स्थित बेस्ट कॉलोनी के पास किया जाएगा। उनके करीबी मित्र और अभिनेता यशपाल शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से अंतिम संस्कार की जानकारी साझा की।
कैंसर से हार गए जिंदगी की जंग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदीप रावत पिछले कुछ समय से कैंसर से जूझ रहे थे। पहले उन्होंने इस बीमारी को मात दी थी, लेकिन हाल ही में कैंसर दोबारा लौट आया। पिछले एक महीने से उनका इलाज चल रहा था। मंगलवार शाम उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्होंने अंतिम सांस ली।
'लगान' और 'गजनी' से मिली अलग पहचान
प्रदीप रावत ने अपने करियर में कई यादगार किरदार निभाए। फिल्म 'लगान' में देवा सिंह और 'गजनी' में अपने खलनायक के किरदार से उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। इसके अलावा उन्होंने 'सरफरोश', 'द हीरो', 'सिंह इज़ ब्लिंग' समेत कई हिंदी, तमिल, तेलुगु और अन्य भाषाओं की फिल्मों में दमदार अभिनय किया। उन्होंने बी.आर. चोपड़ा के चर्चित धारावाहिक 'महाभारत' में अश्वत्थामा का किरदार भी निभाया था।
फिल्म इंडस्ट्री ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
प्रदीप रावत के निधन की खबर सामने आते ही बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग के कई कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। अभिनेता यशपाल शर्मा समेत कई सितारों ने सोशल मीडिया पर उन्हें याद करते हुए उनके योगदान को भारतीय सिनेमा के लिए अमूल्य बताया।




