अखिल राजस्थान प्रबोधक संघ की प्रांतीय बैठक गुरुवार को जयपुर स्थित बड़ोदिया बस्ती राजकीय विद्यालय में आयोजित हुई। बैठक में प्रबोधकों की विभिन्न लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा सरकार द्वारा मांगें पूरी नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
बैठक में मुख्य अतिथि महेंद्र सिंह चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष हरलाल सिंह डुकिया ने प्रबोधकों की वर्षों पुरानी मांगों को प्रमुखता से उठाया। महेंद्र सिंह चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रबोधकों की पुरानी सेवा की गणना प्रबोधक सेवा काल में करवाने की मांग को सरकार से आगामी मानसून सत्र में पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संगठन को ब्लॉक और जिला स्तर पर मजबूत करने के लिए पुनर्गठन का आह्वान भी किया।
प्रदेश अध्यक्ष हरलाल सिंह डुकिया ने बताया कि 25 जून 2026 को प्रदेशभर के प्रबोधक अपने-अपने उपखंड स्तर पर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने प्रबोधकों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो संगठन आंदोलन की रणनीति अपनाएगा।
प्रदेश कार्यालय मंत्री मोहम्मद यूसुफ नकवी ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन की प्रमुख मांगों में पुरानी सेवा की गणना, वेतन विसंगति दूर करना, प्रबोधकों की 100 प्रतिशत सम्मानजनक पदोन्नति तथा वरिष्ठ प्रबोधक शारीरिक शिक्षकों को शाला दर्पण के सेकेंडरी सेटअप में पद सृजित कर पदस्थापित करना शामिल है।
बैठक के दौरान प्रदेश कोषाध्यक्ष महेश शर्मा ने संगठन का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया। वहीं जुगल किशोर धाभाई ने उद्घोषक की भूमिका निभाई। आगामी छह माह में प्रांतीय कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए मोहनलाल ऐचरा को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया।
बैठक में प्रदेशभर से आए संगठन पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता विस्तार और मांगों को लेकर एकजुट संघर्ष करने का संकल्प लिया।




