शिक्षा, नौकरी और महंगाई... क्या 15 अगस्त को इन सवालों का जवाब मिलेगा?
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से पहले युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर एक नई ऑनलाइन मुहिम शुरू हुई है। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि वह अपने स्वतंत्रता दिवस संबोधन में युवाओं से जुड़े अहम सवालों पर बात करें। दिपके ने शिक्षा, बेरोजगारी और बढ़ती जीवनयापन लागत जैसे मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री से सरकार की योजनाओं और भविष्य की दिशा स्पष्ट करने की मांग की है।
पीएम मोदी से युवाओं के मुद्दों पर जवाब की अपील
अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश के युवाओं से जुड़े मुद्दों को संबोधन में प्रमुखता से उठाया जाए। उनका कहना है कि शिक्षा, रोजगार और बढ़ती महंगाई आज युवाओं के भविष्य से सीधे जुड़े विषय हैं और इन पर सरकार का स्पष्ट दृष्टिकोण सामने आना चाहिए।
दिपके ने अपनी मांग को लेकर एक ऑनलाइन पीटिशन भी शुरू की है। उन्होंने लोगों से इस मांग का समर्थन करने और ऑनलाइन याचिका पर हस्ताक्षर करने की अपील की है। उनका उद्देश्य युवाओं से जुड़े इन मुद्दों को प्रधानमंत्री के स्वतंत्रता दिवस संबोधन तक पहुंचाना है।
शिक्षा और बेरोजगारी पर फोकस
दिपके की मांग में मुख्य रूप से शिक्षा और बेरोजगारी के मुद्दे शामिल हैं। उनका कहना है कि देश के युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार की योजनाओं और नीतियों पर स्पष्ट जानकारी सामने आनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने बढ़ती जीवनयापन लागत को भी युवाओं के लिए अहम चुनौती बताया है।
स्वतंत्रता दिवस का प्रधानमंत्री का संबोधन देश की नीतियों और सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखने का एक महत्वपूर्ण अवसर होता है। ऐसे में दिपके की ऑनलाइन याचिका के जरिए युवाओं से जुड़े मुद्दों को इस संबोधन में शामिल करने की मांग की जा रही है।
पहले भी प्रदर्शन कर चुके हैं अभिजीत दिपके
यह पहली बार नहीं है जब अभिजीत दिपके युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सार्वजनिक रूप से सामने आए हैं। इससे पहले उन्होंने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया था।
इसके बाद महाराष्ट्र के संभाजी नगर लौटने पर उनके घर के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ उनकी तीखी बहस भी हुई थी। दिपके ने आरोप लगाया था कि पुलिसकर्मी उनसे मिलने आने वाले लोगों के साथ बदसलूकी कर रहे हैं। वहीं पुलिस की ओर से कहा गया कि सुरक्षा व्यवस्था एहतियात के तौर पर की गई थी, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके और घर के बाहर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।




