प्रधानमंत्री ने आईसीएआर संस्थानों और किसानों से किया वर्चुअल संवाद, ग्रामीण विकास और कृषि पर चर्चा
अविकानगर (सुरेश भदाला)। केंद्रीय भेड़ एवं ऊन अनुसंधान संस्थान, अविकानगर में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बजट के बाद कृषि और ग्रामीण विकास विषय पर वर्चुअल संवाद आयोजित किया। इस ऑनलाइन कार्यक्रम में देशभर के आईसीएआर संस्थानों के वैज्ञानिक और किसान जुड़े।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि इस वर्ष के बजट में कृषि और ग्रामीण विकास क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। उन्होंने बताया कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए कृषि और ग्रामीण विकास को मजबूत करना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), नई दिल्ली के अधिकारियों ने भी सरकार की योजनाओं और मंशा के अनुरूप विचार साझा किए।
संस्थान के निदेशक डॉ. अरुण कुमार तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि खेती और पशुपालन को वैज्ञानिक तरीकों से संचालित कर तथा शहरी जरूरतों के अनुसार उत्पाद तैयार कर सीधे बाजारीकरण करने से रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं।
इस दौरान किसानों ने चार राज्यों के भ्रमण के दौरान देखी गई आधुनिक कृषि और पशुपालन तकनीकों के अनुभव साझा किए और कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
इस अवसर पर डॉ. अरुण कुमार तोमर, डॉ. रणधीर सिंह भट्ट, डॉ. अजय कुमार, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. राजेश बिश्नोई और भूपेंद्र सिंह ने भी किसान समुदाय के बीच अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के अंत में निदेशक द्वारा संस्थान की जीनोम एडिटिंग परियोजना के अनुसूचित जाति उपयोजना कम्पोनेंट के तहत उपस्थित एससी वर्ग के किसानों को इनपुट्स वितरित कर लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के सभी कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




