बूंदी में अखिल राजस्थान राज्य पेंशनर्स संयुक्त महासंघ के जिला संयोजक पद पर वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता पुरुषोत्तम पारीक को नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष आयुदान सिंह कवीया और प्रदेश संरक्षक के.के. गुप्ता के निर्देशानुसार की गई।
महासंघ ने राज्य में पेंशनरों की दयनीय स्थिति और चरमराती चिकित्सा व्यवस्था के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। जयपुर से जारी संदेश में प्रदेश अध्यक्ष आयुदान सिंह कवीया और प्रदेश संरक्षक के.के. गुप्ता ने कहा कि राज्य का पेंशनर जीवन के अंतिम और सबसे संवेदनशील दौर में है, लेकिन दवाओं और समुचित चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन्होंने अपना पूरा जीवन राज्य सेवा में समर्पित कर दिया, उन्हें आज इलाज और दवा जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा है। महासंघ ने राज्य सरकार पर आरजीएचएस (RGHS) योजना को लेकर उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश का पेंशनर एवं कर्मचारी वर्ग स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भारी परेशानी में है। आरजीएचएस योजना के माध्यम से जमीनी स्तर पर ठोस लाभ नहीं मिल पा रहा, जिससे कर्मचारियों और पेंशनरों में गहरा असंतोष है।
महासंघ ने चेतावनी दी कि अब इस स्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बूंदी जिले से बड़े आंदोलन की शुरुआत की जाएगी और नवनियुक्त जिला संयोजक पुरुषोत्तम पारीक के नेतृत्व में जिलेभर के पेंशनर्स और कर्मचारी एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
महासंघ ने संकल्प लिया कि राज्य के पेंशनरों और कर्मचारियों को उनका सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




