परमा पुरुषोत्तम एकादशी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
कस्बे के श्री राम जानकी एवं श्री भूड़ा पोल बालाजी मंदिर में चल रही पुरुषोत्तम कथा के दौरान परमा पुरुषोत्तम एकादशी श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान के दर्शन कर धर्म लाभ प्राप्त किया।
कथा वाचक गोपाल दास महाराज ने विशेष पूजा-अर्चना के साथ ठाकुरजी का पंचामृत अभिषेक एवं भव्य श्रृंगार किया। आकर्षक सजावट और भक्तिमय वातावरण ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराई। श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन कर परिक्रमा की तथा भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
एकादशी के पावन अवसर पर महिलाओं ने दीपदान एवं तुलसी पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की। मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
कथा के दौरान गोपाल दास महाराज ने परमा पुरुषोत्तम एकादशी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस व्रत को श्रद्धा और विधि-विधान से करने पर धन, सुख-समृद्धि, मोक्ष तथा सभी मनोकामनाओं की प्राप्ति होती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से जीवन में धर्म, सेवा और सत्कर्मों को अपनाने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में राधा सखी महिला मंडल की सदस्य पुष्पा कंवर, मैना शिल्पकार, प्रमिला पाराशर, सीता गौड़, कन्या देवी, दुर्गा देवी, तुलसा देवी, कंचन सैनी सहित अनेक महिलाओं ने भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और दीपदान में सक्रिय भागीदारी निभाई। भजनों की मधुर प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
अंत में सामूहिक आरती का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आरती के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली और पूरा क्षेत्र धार्मिक उल्लास से सराबोर नजर आया।




