पुलिस स्टेशन के बाहर हुआ बड़ा धमाका
पाकिस्तान के स्वात में हुए आत्मघाती हमले ने एक बार फिर आतंकवाद के खतरे को दुनिया के सामने ला खड़ा किया है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले के काबल इलाके में रविवार को पुलिस स्टेशन के बाहर हुए आत्मघाती हमले में पुलिसकर्मियों समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 से ज्यादा लोग घायल हो गए। धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
शांति रैली के दौरान खुद को उड़ाया
जानकारी के मुताबिक, हमले के समय इलाके में आतंकवाद के खिलाफ शांति रैली निकाली जा रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस स्टेशन के मुख्य गेट पर पहुंचा। सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोककर तलाशी लेने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, हमलावर ने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
इलाका सील, जांच शुरू
हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। जांच एजेंसियां आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर हमले की जांच कर रही हैं।
राष्ट्रपति ने दिए जांच के आदेश
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हमले पर गहरा दुख जताया है और घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। सरकार का कहना है कि दोषियों को जल्द से जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा। वहीं, सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हमलावर अकेला था या किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा।




