पाड़लिया प्रीमियम लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले, दर्शकों में उत्साह
पाड़लिया गांव में जय माता दी क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित पाड़लिया प्रीमियम लीग क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन गुरुवार को कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और कड़े मुकाबलों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
दिन का पहला मुकाबला खेडी जागीर और बोहत जूनियर टीम के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए खेडी जागीर टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 103 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बोहत जूनियर टीम 10 ओवर में 101 रन ही बना सकी। इस तरह खेडी जागीर टीम ने मात्र 2 रन से रोमांचक जीत दर्ज की।
दूसरा मुकाबला लुहावद और बोहत बालाजी क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। इस मैच में बोहत बालाजी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल कर अगले दौर की ओर मजबूत कदम बढ़ाया।
प्रतियोगिता से जुड़े विजय सिंह ने बताया कि टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का आयोजन स्वर्गीय बालमुकुंद राठी एवं स्वर्गीय गर्विता गालव की स्मृति में किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित यह प्रतियोगिता युवाओं को खेलों से जोड़ने और खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का कार्य कर रही है।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता की विजेता टीम को 17 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को 8,500 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस क्रिकेट प्रतियोगिता ने खेल भावना और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी प्रदान किया है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




