मांगरोल तहसील क्षेत्र के ग्राम पाडलिया में अंता विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रमोद जैन भाया का जीत के बाद पहली बार आगमन पर भव्य स्वागत किया गया।
रविवार रात्रि करीब 8 बजे वीर तेजाजी महाराज की मूर्ति के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में पहुंचने पर नवयुवक मंडल के कार्यकर्ताओं ने विधायक का पुष्पहार एवं दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विशाल गालव (रेड क्रॉस सोसाइटी अध्यक्ष) ने की।
विधायक प्रमोद जैन भाया ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों के लिए नवयुवक मंडल के सभी सदस्य बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि यज्ञ, भंडारा एवं धार्मिक कार्यक्रम हमारी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का सशक्त माध्यम हैं, जो समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं।
उन्होंने वीर तेजाजी नवयुवक मंडल द्वारा आयोजित प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की।
इस दौरान ग्रामीणों ने वीर तेजाजी महाराज के चबूतरे के पास सामुदायिक भवन निर्माण की मांग रखी। साथ ही ग्रामीण नरेश मेहरा, ओमप्रकाश मेघवाल और बृजमोहन मेघवाल ने बताया कि उनके कच्चे मकानों के ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन हटने पर ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्य संभव हो सकेगा।
कार्यक्रम में मंच पर प्रेम शंकर गालव (पूर्व प्रधान), सत्यनारायण गुर्जर, रामकिशन गुर्जर, विजय सिंह, घांसीलाल राठौड़, विशाल गालव, राजेन्द्र कुमार मीणा (पूर्व सरपंच हिगोनियां), टोनू राठौड़, चन्द्रप्रकाश मीणा सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं नवयुवक मंडल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बाहरी गांवों से आए भामाशाहों का भी नवयुवक मंडल द्वारा मंच पर स्वागत किया गया और उन्हें तेजाजी महाराज की तस्वीर, प्रतीक चिन्ह, पुष्पमाला एवं दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया गया।




