मांगरोल ग्राम पंचायत हिगोनिया के पाडलिया गांव में खेतों तक पहुंचने वाला मुख्य रास्ता कच्चा और जगह-जगह से क्षतिग्रस्त होने के कारण किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर खरीफ सीजन में बुवाई से लेकर कटाई तक के कार्यों में यह समस्या लगातार बाधा बन रही है।
ग्रामीणों के अनुसार बरसात के समय यह रास्ता पूरी तरह से दलदल में बदल जाता है, जिससे न तो किसान पैदल जा सकते हैं और न ही ट्रैक्टर या अन्य कृषि यंत्र खेतों तक पहुंच पाते हैं। इससे समय पर खेती कार्य प्रभावित हो रहा है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों ने बताया कि नाले की रपट जो सिंचाई विभाग द्वारा बनाई गई थी, उसके आगे का हिस्सा और बाढ़ के पास का आम रास्ता पूरी तरह क्षतिग्रस्त पड़ा हुआ है। हर वर्ष बारिश के बाद स्थिति और खराब हो जाती है, जिसके चलते खेतों से उपज को घर लाने में भी कठिनाई होती है।
स्थानीय किसानों ने बताया कि दिनेश गालव, मुरलीधर शर्मा, घांसीलाल राठौड़, अंजीश उपाध्याय और प्रवीण गालव सहित कई ग्रामीण लंबे समय से इस समस्या का सामना कर रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि पाडलिया स्कूल के सामने से खेतों की ओर जाने वाले इस रास्ते का ग्रेवल और पक्की सड़क निर्माण कार्य जल्द करवाया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन और चुनाव बहिष्कार जैसे कदम उठाने पर मजबूर होंगे।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।
Instagram:




