पंचायत समिति मुख्यालय पर महात्मा ज्योतिबा फुले माली समाज पचेवर के तत्वावधान में महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती बड़े हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
सैनी समाज अध्यक्ष बालूराम सैनी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ छतरियों वाले बालाजी महाराज मंदिर से हुआ, जहां समाज के महिला-पुरुष बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। मुख्य ध्वज का विधि-विधान से पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर दिव्य रथ, घोड़ियों और गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली। कस्बे में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। डीजे की धुनों पर फुले जी के जयकारों के साथ लोग नाचते-गाते नजर आए।
शोभायात्रा छोटा बस स्टैंड, बाजार होते हुए खिड़की घाट वाले बालाजी मंदिर पहुंची, जहां कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी शामिल हुए। समाज के प्रबुद्धजनों ने उनका माला और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
मंत्री चौधरी ने महात्मा फुले के जीवन आदर्शों पर चलने का संदेश दिया और समाज की मांग पर सामुदायिक भवन को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की। इस पर समाज के लोगों ने उनका आभार जताया।
इसके बाद शोभायात्रा मुख्य बस स्टैंड होते हुए बनेडिया रोड भैरूजी के स्थान पर पहुंची, जहां कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां सरकारी नौकरी में चयनित प्रतिभाओं, बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और भामाशाहों का सम्मान किया गया।
मंचासीन वक्ताओं ने शिक्षा, रोजगार और समाज की स्थिति पर विचार रखते हुए एकजुटता का आह्वान किया तथा फुले जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन में समाज के बुजुर्गों और युवाओं ने मिलकर सहयोग किया।
इस अवसर पर माली समाज टोंक जिला अध्यक्ष पांचू लाल सैनी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष नंदकिशोर सैनी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।




