ऑपरेशन सफेद सागर में क्यों हुआ राजू श्रीवास्तव का जिक्र?
नेटफ्लिक्स की छह एपिसोड वाली वेब सीरीज 'ऑपरेशन सफेद सागर' करगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना के साहस और स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा की बहादुरी की कहानी दिखाती है। सीरीज का निर्देशन ओनी सेन ने किया है, जबकि अभिजीत सिंह परमार और कुशल श्रीवास्तव इसके क्रिएटर हैं।
सीरीज के हर एपिसोड के क्रेडिट्स में दिवंगत कॉमेडियन और अभिनेता राजू श्रीवास्तव का नाम 'स्पेशल थैंक्स' में शामिल किया गया है। खास बात यह है कि राजू श्रीवास्तव ने सीरीज में न तो अभिनय किया और न ही कोई वॉइसओवर दिया।
राजू श्रीवास्तव का सीरीज से क्या कनेक्शन है?
सीरीज के क्रिएटर कुशल श्रीवास्तव ने बताया कि राजू श्रीवास्तव उनके चाचा थे। बचपन से ही वह राजू श्रीवास्तव के काम और कहानी कहने की कला से प्रभावित रहे और उन्हें अपनी पहली प्रेरणाओं में मानते हैं।
कुशल के मुताबिक, जब वह लिखना शुरू कर रहे थे तो अपनी राइटिंग सबसे पहले राजू श्रीवास्तव को दिखाते थे। राजू उनकी लिखी हुई चीजों को बेहतर बनाने में मदद करते थे।
राजू श्रीवास्तव के ऑफिस में शुरू हुई थी रिसर्च
कुशल श्रीवास्तव ने बताया कि 'ऑपरेशन सफेद सागर' की शुरुआती राइटिंग 2018 में शुरू हुई थी। सीरीज की रिसर्च के शुरुआती दौर में वह राजू श्रीवास्तव के ऑफिस में बैठकर काम करते थे।
उन्होंने यह भी बताया कि अलग-अलग मंत्रालयों से प्रोजेक्ट के लिए परमिशन लेने में राजू श्रीवास्तव ने उनकी मदद की थी। पहले कुशल इस कहानी को फिल्म के तौर पर बनाना चाहते थे, लेकिन बाद में इसे वेब सीरीज के रूप में विकसित किया गया।
कुशल श्रीवास्तव खुद रह चुके हैं एयरफोर्स में
'ऑपरेशन सफेद सागर' के क्रिएटर कुशल श्रीवास्तव खुद भी भारतीय वायुसेना में करीब सात साल तक सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने दिसंबर 1999 में एयरफोर्स ज्वाइन की थी और 2016 तक अपनी सेवाएं दीं।
एयरफोर्स के अपने अनुभव और लंबे रिसर्च वर्क के आधार पर उन्होंने करगिल युद्ध और भारतीय वायुसेना के ऑपरेशन को सीरीज के जरिए पर्दे पर पेश किया है।



