बोलांगीर में तंत्र-मंत्र के चक्कर में खौफनाक हत्या, पत्नी को वापस पाने के लिए नरबलि का आरोप
बोलांगीर। ओडिशा के बोलांगीर जिले से अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र से जुड़ा एक बेहद खौफनाक हत्या का मामला सामने आया है। देवगांव थाना क्षेत्र के बगदा गांव में 40 वर्षीय व्यक्ति संतोष खारसेल की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे अपनी अलग रह रही पत्नी को वापस पाने की चाहत और कथित तंत्र-मंत्र का एंगल सामने आया है।
मृतक संतोष खारसेल पास के तेबदमुंडा गांव का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक, उसे 18 अगस्त को मुख्य आरोपी शत्रुघ्न साहू ने अपने घर पर खाना खाने के लिए बुलाया था। आरोप है कि खाना खाने के बाद जब संतोष सो गया, तब आरोपी और उसके साथियों ने उस पर हमला कर दिया। धारदार हथियार से हमला कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया।
तालाब में मिला धड़, पूजा कक्ष में छिपाया था सिर
हत्या के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर सबूत छिपाने की कोशिश की। संतोष के धड़ को गांव के बाहर स्थित एक तालाब में फेंक दिया गया, जबकि उसका कटा हुआ सिर मुख्य आरोपी के घर के पूजा वाले कमरे में छिपा दिया गया।
अगले दिन ग्रामीणों ने तालाब में बिना सिर का शव देखा तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मृतक की पहचान के बाद उसके संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ की।
आरोपी घर में कर रहा था मेडिटेशन
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि संतोष को आखिरी बार शत्रुघ्न साहू के साथ देखा गया था। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, उस समय शत्रुघ्न घर के अंदर मेडिटेशन कर रहा था।
पूछताछ के शुरुआती दौर में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने कथित तौर पर दावा किया कि शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद हत्या हुई। हालांकि, पुलिस की पूछताछ आगे बढ़ने पर कथित तौर पर उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली और सिर छिपाने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने घर के पूजा कक्ष के पास तलाशी और खुदाई कराई। पुलिस के अनुसार, वहां से संतोष का कटा हुआ सिर और खून से सना धारदार हथियार बरामद किया गया।
10 साल से पत्नी से अलग रह रहा था आरोपी
पुलिस जांच में आरोपी के पारिवारिक जीवन से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि शत्रुघ्न साहू की पत्नी करीब 10 साल से उससे अलग रह रही थी और अपने बेटे-बेटी के साथ रहती थी।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि पत्नी को वापस लाने की चाहत में आरोपी कथित तौर पर तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के जाल में फंस गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश कैसे तैयार हुई और इसमें शामिल लोगों की भूमिका क्या थी।



