NSUI कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया, परिणाम संशोधन नियम का विरोध
महाराजा गंगासिंह यूनिवर्सिटी (एमजीएसयू), बीकानेर द्वारा लागू किए गए नए परिणाम संशोधन-2026 नियम के विरोध में प्रदर्शन कर रहे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और छात्रों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। छात्र एसडी बिहाणी कॉलेज में विरोध-प्रदर्शन कर कॉलेज बंद करवाने का प्रयास कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, विरोध प्रदर्शन के दौरान जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। इस कार्रवाई को लेकर छात्र संगठन ने नाराजगी जताई है।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ईशानवीर मान ने कहा कि यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा लागू किया गया नया नियम पूरी तरह छात्रों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय ने बिना छात्रों की सहमति के यह नियम थोप दिया है, जिसकी एनएसयूआई कड़ी निंदा करती है।
मान ने कहा कि जब छात्र शांतिपूर्ण तरीके से विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे, तब पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर थाने पहुंचा दिया। उन्होंने कहा कि "जब-जब प्रशासन डरता है, पुलिस को आगे करता है", लेकिन छात्र अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगे।
उन्होंने बताया कि नए नियम के अनुसार यदि किसी छात्र को स्नातक या स्नातकोत्तर परीक्षा में किसी भी विषय में सप्लीमेंट्री आती है तो वह अगली कक्षा में प्रवेश नहीं ले सकेगा। छात्र को पहले सप्लीमेंट्री परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी, जिसके लिए लगभग छह माह का इंतजार करना पड़ेगा।
एनएसयूआई का कहना है कि इस नियम के कारण हजारों छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होगी और जहां डिग्री सामान्यतः 2 से 3 वर्षों में पूरी हो जाती है, वहीं अब छात्रों को डिग्री हासिल करने में 5 वर्ष तक का समय लग सकता है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि जब तक यह नियम वापस नहीं लिया जाता, तब तक विरोध-प्रदर्शन और आंदोलन जारी रहेगा।




