राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई गोलाना के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ताल्लुका समिति खानपुर के विधि अधिकारी मित्र भरत गौड द्वारा मां सरस्वती के दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
कार्यक्रम का संचालन एनएसएस सहप्रभारी वीरेन्द्र कुमार श्रृंगी ने किया। इस दौरान रानी लक्ष्मी बाई दल द्वारा “हंस वाहिनी ऐसा वर दो” वंदना, देशभक्ति गीत, एनएसएस ताली एवं लक्ष्य गीत का अभ्यास कराया गया। सरोजिनी नायडू दल ने पूर्व दिवस का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए भरत गौड ने “मेरा युवा भारत” और डिजिटल साक्षरता थीम पर प्रकाश डाला। उन्होंने मोबाइल और साइबर दुरुपयोग से जुड़े अपराधों, डिजिटल स्कैम, फ्रॉड, बाल विवाह, बाल श्रम, दहेज प्रथा और महिला उत्पीड़न जैसे गंभीर विषयों पर कानूनी जानकारी दी। साथ ही थाने और अदालती कार्यवाही की प्रक्रिया को भी सरल भाषा में समझाया।
प्रथम सत्र के बाद कार्यक्रम अधिकारी बुद्धिप्रकाश नागर के निर्देशन में अब्दुल कलाम दल द्वारा अल्पाहार (चाय-पोहा) तैयार किया गया। साथ ही दाल-बाटी बनाने की व्यवस्था भी स्वयंसेवकों द्वारा की गई।
द्वितीय सत्र में सहप्रभारी वीरेन्द्र श्रृंगी ने स्वयंसेवकों से पॉलीथीन मुक्त परिसर के लिए श्रमदान करवाया। इस दौरान परिचय पत्र बनवाए गए, भित्ति पत्रिका का प्रारूप समझाया गया तथा प्रतिवेदन को आकर्षक बनाने के सुझाव दिए गए।
तृतीय सत्र में सूक्ष्म व्यायाम और हास्य योग के माध्यम से स्वस्थ मनोरंजन कराया गया। दिन के अंत में “हम होंगे कामयाब” गीत के साथ वृत्ताकार में खड़े होकर विसर्जन गतिविधि सम्पन्न हुई। स्वयंसेवकों ने सैल्यूट कर एक-दूसरे को प्रणाम किया।
अंत में निर्धारित दल द्वारा दाल-बाटी परोसकर एवं समस्त व्यवस्थाएं समेटकर शिविर के दूसरे दिन का सफल समापन किया गया।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




