अमेरिका में नीता अंबानी का बढ़ा मान, समाज सेवा के लिए मिला शहर का सर्वोच्च सम्मान
रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया है। अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित टाम्पा शहर में आयोजित एक भव्य समारोह में उन्हें दो प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया। अमेरिकन एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन ऑफ इंडियन ओरिजिन (AAPI) ने उन्हें 'ह्यूमैनिटेरियन अवॉर्ड' प्रदान किया, जबकि टाम्पा शहर की मेयर जेन कैस्टर ने उन्हें 'की टू द सिटी ऑफ टाम्पा' (Key to the City of Tampa) देकर सम्मानित किया।
यह सम्मान शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कला और समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए दिया गया है। रिलायंस फाउंडेशन के माध्यम से नीता अंबानी वर्षों से समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों तक शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और विकास योजनाएं पहुंचाने का कार्य कर रही हैं।
क्यों मिला यह प्रतिष्ठित सम्मान?
नीता अंबानी को मिला AAPI ह्यूमैनिटेरियन अवॉर्ड उनके लंबे समय से किए जा रहे सामाजिक कार्यों की वैश्विक पहचान है। रिलायंस फाउंडेशन ने ग्रामीण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, महिला सशक्तिकरण, खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और सांस्कृतिक संरक्षण जैसे कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इन्हीं प्रयासों ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान दिलाई है।
'की टू द सिटी ऑफ टाम्पा' का क्या है महत्व?
अमेरिका में 'की टू द सिटी' किसी भी शहर का सबसे प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान माना जाता है। यह सम्मान उन चुनिंदा व्यक्तियों को दिया जाता है, जिन्होंने समाज और मानवता के लिए असाधारण योगदान दिया हो। टाम्पा की मेयर जेन कैस्टर द्वारा नीता अंबानी को यह सम्मान दिया जाना उनके वैश्विक सामाजिक प्रभाव का प्रमाण माना जा रहा है।




