निर्जला एकादशी पर शाहपुरा में श्रद्धालुओं को शीतल जल और ज्यूस वितरित
निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर शाहपुरा में समाजसेवियों ने सेवा भाव का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए शीतल जल, ज्यूस, शरबत एवं शिकंजी की व्यवस्था की। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्य से बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिली।
नीमकाथाना–त्रिवेणी रोड पर आयोजित जल सेवा कार्यक्रम में जांगिड़ समाज के उप प्रधान एवं समाजसेवी अशोक जांगिड़ के नेतृत्व में अमरचंद जांगिड़, घनश्याम ढ़बास, गौरव जांगिड़, वीर सिंह, पूर्ण सैनी, सौरभ जांगिड़ और शुभम जांगिड़ सहित अनेक समाजसेवियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने मिलकर राहगीरों और श्रद्धालुओं को ठंडा जल एवं ज्यूस वितरित किया।
समाजसेवियों ने बताया कि निर्जला एकादशी पर जल सेवा का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी भावना से यह सेवा कार्य आयोजित किया गया, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके और सेवा के माध्यम से पुण्य अर्जित किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और राहगीरों ने जल सेवा का लाभ उठाया। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। आयोजन स्थल पर पूरे दिन सेवा कार्य निरंतर जारी रहा।
इसके अलावा शाहपुरा के बस स्टैंड, जयपुर तिराहा, पुराना बस स्टैंड, श्री नारायण पार्क सहित करीब चार दर्जन स्थानों पर विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं भामाशाहों द्वारा शरबत, शिकंजी, ठंडा जल और अन्य शीतल पेय पदार्थ वितरित किए गए। इस सेवा कार्य के माध्यम से लोगों ने धार्मिक आस्था के साथ मानव सेवा का संदेश भी दिया।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




