भारत विकास परिषद शाखा खानपुर के सक्रिय सदस्य नितेश त्रिगुणायत एवं उनकी धर्मपत्नी मोनिका त्रिगुणायत ने अपनी वैवाहिक वर्षगांठ के पावन अवसर पर नेत्रदान करने का संकल्प लेकर समाज के समक्ष एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
आज के समय में जहाँ लोग वर्षगांठ को केवल उत्सव और खुशियों तक सीमित रखते हैं, वहीं त्रिगुणायत दंपत्ति ने इस विशेष दिन को मानव सेवा और सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए किसी जरूरतमंद के जीवन में रोशनी देने का संकल्प लिया।
नेत्रदान को महादान माना जाता है, क्योंकि यह किसी नेत्रहीन व्यक्ति के अंधकारमय जीवन में नई आशा और उजाले का संचार करता है। मृत्यु के पश्चात भी हमारी आँखें किसी अन्य व्यक्ति की दुनिया रोशन कर सकती हैं।
दोनों ने परिषद के सदस्यों की मौजूदगी में संकल्प पत्र पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर भारत विकास परिषद परिवार ने त्रिगुणायत दंपत्ति के इस महान एवं अनुकरणीय निर्णय का हृदय से अभिनंदन करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। परिषद पदाधिकारियों ने आमजन से भी अधिक से अधिक संख्या में नेत्रदान के प्रति जागरूक होकर संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रांतीय सदस्य आशीष खंडेलवाल, शाखा अध्यक्ष नंदकिशोर कुमावत, सचिव डॉ. देवीशंकर नागर, कोषाध्यक्ष दीपू धाकड़, महिला सहभागिता प्रभारी शकुंतला उपाध्याय, भारत जानो प्रतियोगिता प्रभारी मोहन जी मालव, संपर्क प्रभारी राजकुमार शर्मा, योग प्रभारी मुकेश सेन, मनोज कागला, राजेश गौतम, रवि सेन, केशव लक्षकार, भगवान पाठक, रविंद्र गौतम एवं परिषद के सदस्य व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




