राजभवन मार्च रोकने पर पुलिस और छात्रों में झड़प
"NEET का विवाद अब किताबों और परीक्षा केंद्रों से निकलकर सड़कों पर आ गया है। एक तरफ छात्रों का गुस्सा, दूसरी तरफ पुलिस की सख्ती... पटना में बुधवार को हालात उस वक्त बिगड़ गए जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हो गया।"
"सवाल लाखों छात्रों के भविष्य का है और इसी सवाल को लेकर अब देश के कई हिस्सों में आवाज तेज हो रही है। NEET पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पटना में छात्रों ने बड़ा प्रदर्शन किया।"
बिहार की राजधानी पटना में NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के नेतृत्व में छात्रों ने राजभवन मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी सरकार से इस मामले में कार्रवाई और जिम्मेदारी तय करने की मांग कर रहे थे।
छात्रों का मार्च जब जेपी गोलंबर पहुंचा, तो पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर दी। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई, लेकिन हालात उस वक्त बिगड़ गए जब कुछ छात्रों ने बैरिकेड पार करने की कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया और इसके बाद हल्का लाठीचार्ज किया गया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच झड़प भी देखने को मिली।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि NEET पेपर लीक जैसे मामले लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े हैं और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। छात्र संगठनों का आरोप है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार, भ्रष्टाचार पर रोक और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई जरूरी है।
वहीं पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन को नियंत्रित करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए गए। प्रशासन की ओर से कहा गया कि किसी भी प्रदर्शन को तय नियमों के तहत ही किया जाना चाहिए।




