नीरज चोपड़ा ने 88.05 मीटर का सीजन बेस्ट थ्रो फेंका, लेकिन श्रीलंका के रुमेश पथिरागे से सिर्फ 9 सेंटीमीटर पीछे रहकर दूसरा स्थान हासिल किया।
लुसाने। भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने लुसाने डायमंड लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। नीरज ने अपने दूसरे प्रयास में 88.05 मीटर दूर भाला फेंका। यह उनका पिछले एक साल का सबसे बेहतरीन थ्रो बताया जा रहा है और मौजूदा सीजन में भी उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
हालांकि, नीरज चोपड़ा खिताब जीतने से बेहद करीब रह गए। श्रीलंका के युवा जेवलिन थ्रोअर रुमेश पथिरागे ने 88.14 मीटर का थ्रो कर पहला स्थान हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सिर्फ 9 सेंटीमीटर का अंतर रहा।
ग्रेनेडा के स्टार एथलीट एंडरसन पीटर्स ने 86.69 मीटर के थ्रो के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। इस तरह नौ खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबले में नीरज चोपड़ा ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान अपने नाम किया।
दूसरे प्रयास में नीरज ने फेंका सीजन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो
28 वर्षीय नीरज चोपड़ा ने प्रतियोगिता के दूसरे प्रयास में 88.05 मीटर का थ्रो किया। इस शानदार प्रदर्शन ने उन्हें मुकाबले में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। यह थ्रो नीरज के लिए खास इसलिए भी रहा क्योंकि पिछले एक साल में उनका इससे बेहतर प्रदर्शन नहीं आया था।
नीरज का 88.05 मीटर का थ्रो जून 2025 में पेरिस डायमंड लीग के दौरान किए गए 88.16 मीटर के बाद उनका सबसे बेहतरीन प्रदर्शन माना जा रहा है। पेरिस में नीरज ने 88.16 मीटर के थ्रो के साथ खिताब जीता था।
लुसाने में नीरज ने शुरुआत से ही मजबूत चुनौती पेश की, लेकिन श्रीलंकाई खिलाड़ी रुमेश पथिरागे ने तीसरे राउंड में शानदार थ्रो कर मुकाबले का रुख बदल दिया।
तीसरे राउंड में पथिरागे ने बनाई बढ़त
23 वर्षीय रुमेश पथिरागे ने तीसरे प्रयास में 88.14 मीटर दूर भाला फेंका। इसी थ्रो के साथ उन्होंने नीरज चोपड़ा को पीछे छोड़ दिया और मुकाबले में पहला स्थान हासिल कर लिया।
पथिरागे का प्रदर्शन इस सीजन लगातार चर्चा में रहा है। पिछले महीने ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भी उन्होंने गोल्ड मेडल जीता था, जबकि नीरज चोपड़ा को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा था।



