नायरा एनर्जी ने घटाए पेट्रोल-डीजल के दाम, ₹5 तक सस्ता हुआ ईंधन
देशभर के वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। निजी ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी (Nayara Energy) ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी कटौती की है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम में ₹5 प्रति लीटर और डीजल में ₹3 प्रति लीटर की कमी की है। नई कीमतें कंपनी के सभी पेट्रोल पंपों पर तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
भोपाल में कटौती के बाद पेट्रोल की कीमत करीब ₹119.79 प्रति लीटर और डीजल ₹102.57 प्रति लीटर हो गया है। हालांकि, अलग-अलग राज्यों में वैट (VAT) और अन्य स्थानीय करों के कारण कीमतों में मामूली अंतर हो सकता है।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का मिला फायदा
अंतरराष्ट्रीय बाजार में पिछले कुछ दिनों से कच्चे तेल की कीमतों में नरमी देखने को मिल रही है। ब्रेंट क्रूड का भाव करीब 73 डॉलर प्रति बैरल तक आ गया है। इससे पहले पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के दौरान इसकी कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गई थीं। अब वैश्विक बाजार में स्थिति सामान्य होने के बाद तेल की कीमतों में आई गिरावट का लाभ ग्राहकों तक पहुंचाया गया है।
देशभर के 7 हजार से अधिक पेट्रोल पंपों पर लागू नई दरें
नायरा एनर्जी देशभर में 7,000 से अधिक रिटेल फ्यूल आउटलेट्स संचालित करती है। कंपनी ने सभी पेट्रोल पंपों पर नई दरें लागू कर दी हैं। हालांकि स्थानीय टैक्स और वैट के कारण अलग-अलग शहरों में कीमतों में थोड़ा अंतर देखने को मिल सकता है।
सरकारी तेल कंपनियों ने फिलहाल नहीं बदले दाम
जहां नायरा एनर्जी ने ईंधन की कीमतों में राहत दी है, वहीं सरकारी तेल कंपनियां इंडियन ऑयल (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने अभी तक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है।
देश के 90% से अधिक पेट्रोल पंप इन्हीं सरकारी कंपनियों के नेटवर्क के अंतर्गत आते हैं। ऐसे में अधिकांश उपभोक्ताओं को फिलहाल पुरानी कीमतों पर ही ईंधन खरीदना पड़ रहा है।




