निवाई उपखंड क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने अन्नदाताओं की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। किसान महापंचायत ब्लॉक अध्यक्ष दशरथ सिंह पलेई ने बताया कि सरसों की फसल पूरी तरह तैयार थी और कई जगह कटाई का कार्य चल रहा था, लेकिन बारिश के कारण कटी हुई और एकत्रित सरसों के गलने तथा बदबू आने की आशंका बढ़ गई है। वहीं खेतों में खड़ी फसल की कटाई भी प्रभावित हुई है, जिससे उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा।
तेज हवाओं के कारण गेहूं की फसल जमीन पर गिर गई है, जिससे पैदावार कम होने की संभावना जताई जा रही है। इसके साथ ही पशुओं के लिए रखा गया चारा भी बारिश से खराब हो गया, जिससे पशुपालकों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि खरीफ फसल पहले ही अतिवृष्टि से प्रभावित हुई थी और उसका मुआवजा अभी तक नहीं मिला है, ऐसे में रबी फसल के नुकसान से आर्थिक संकट और गहरा गया है।
प्रदेश के कई हिस्सों में ओलावृष्टि, अंधड़ और बारिश का दौर जारी है, जिसे लेकर मौसम विभाग ने आगे भी अलर्ट जारी किया है। किसानों ने प्रशासन और सरकार से सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने तथा राहत प्रदान करने की मांग की है, ताकि प्रभावित अन्नदाताओं को आर्थिक संबल मिल सके। वर्तमान स्थिति में किसान प्राकृतिक आपदाओं के बीच खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं और जल्द राहत की उम्मीद कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।
Instagram:




