सफाई कर्मचारी की बेटी की शादी में पुलिसकर्मियों ने भरा लाखों का मायरा
नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र में पुलिस का मानवीय और संवेदनशील चेहरा देखने को मिला। नारायणपुर थाना पुलिस ने पुलिस थाने में कार्यरत सफाई कर्मचारी ललिता की बेटियों संजू और अंजू की शादी में मामा बनकर मायरा भरते हुए इंसानियत की मिसाल पेश की।
दरअसल, सफाई कर्मचारी ललिता का कोई भाई नहीं था, ऐसे में उनकी बेटियों की शादी में मायरा भरने वाला कोई नहीं था। यह जानकारी मिलने पर नारायणपुर थाना पुलिस के अधिकारी और जवान खुद मामा बनकर आगे आए और बेटियों की शादी में मायरा भरा।
पुलिसकर्मियों ने मायरे में 1 लाख 60 हजार रुपये नकद, दो सिलाई मशीनें और माता-पिता सहित परिवार के सदस्यों के कपड़े भेंट किए। इस पहल से न केवल परिवार को सहारा मिला बल्कि समाज में पुलिस की संवेदनशील छवि भी सामने आई।
इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए बानसूर डीएसपी मेघा गोयल ने कहा कि पुलिस का यह रूप समाज के लिए प्रेरणादायक है। वहीं थानाधिकारी रोहिताश कुमार ने बताया कि विभाग में कार्यरत हर कर्मचारी परिवार का हिस्सा होता है और ऐसे अवसरों पर उनके साथ खड़ा होना सामाजिक जिम्मेदारी भी है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




