पंचायत समिति बकानी क्षेत्र के अंतर्गत नानोर ग्राम पंचायत में शुक्रवार को ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
शिविर में तहसीलदार रतनलाल भील, विकास अधिकारी प्रभुलाल वर्मा, कानूनगो जयराज मंडोत, ग्राम विकास अधिकारी सिकंदर खान, मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश लोधा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा।
ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान विकास एवं पंचायती राज विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी गई। साथ ही भूमि पट्टों का वितरण, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की स्वीकृतियां, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को द्वितीय एवं तृतीय किस्त जारी करने सहित कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए।
स्वामित्व योजना के अंतर्गत भी पात्र लाभार्थियों को भूमि पट्टे वितरित किए गए। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे लोगों को राहत मिली।
इस अवसर पर भाजपा नेता शिव सिंह चौहान, कमल सिंह और महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लिया और प्रशासन द्वारा गांव स्तर पर योजनाओं का लाभ पहुंचाने की पहल की सराहना की।
ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे शिविरों से प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक आसानी से पहुंच पाता है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




