मुंबई की बारिश का सितारों पर असर, अश्नूर कौर के घर में घुसा पानी; रणदीप हुड्डा ने मेट्रो से किया सफर
मुंबई में लगातार हो रही बारिश का असर अब आम लोगों के साथ-साथ फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के सितारों पर भी दिखाई देने लगा है। अभिनेत्री अश्नूर कौर के लग्जरी घर में बारिश का पानी घुस गया, जिससे घर के सामान को नुकसान पहुंचा। वहीं, भारी ट्रैफिक से बचने के लिए अभिनेता रणदीप हुड्डा ने मेट्रो का सहारा लिया। दूसरी ओर तमन्ना भाटिया बारिश का आनंद लेती नजर आईं।
घर से पानी निकालने में जुटा पूरा परिवार
अश्नूर कौर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उनके परिवार के सदस्य और घर के स्टाफ पानी निकालते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में घर के अंदर पानी भरा नजर आ रहा है और सभी मिलकर उसे बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
वीडियो के साथ अश्नूर ने लिखा कि उन्हें एक इवेंट के लिए निकलना था, लेकिन तभी घर में पानी भर गया। उन्होंने लिखा, "मेरे ऊपर लगी हर नजर खुशियों, सफलता और तरक्की में बदल जाए।"
ट्रैफिक से बचने के लिए रणदीप ने चुनी मेट्रो
भारी बारिश और जाम के बीच अभिनेता रणदीप हुड्डा का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में वह मास्क पहनकर मुंबई मेट्रो में सफर करते नजर आए। उनके साथ उनकी टीम के कुछ सदस्य भी मौजूद थे। मास्क लगाए होने के कारण अधिकांश यात्री उन्हें पहचान नहीं पाए।
बारिश में भीगती नजर आईं तमन्ना भाटिया
अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह अपने घर की बालकनी में बारिश का आनंद लेती दिखाई दे रही हैं। हालांकि कुछ ही देर बाद उन्हें ठंड लगने लगी। वीडियो में उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, "मुंबई में शिवरिंग सिर्फ ऐसे ही हो सकती है।"
वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा कि उन्हें अभी भी ठंड लग रही है। इस पोस्ट पर उनकी दोस्त राशा थडानी ने भी मजेदार कमेंट करते हुए पूछा कि उन्होंने यह सब उनके बिना क्यों किया।




