मुंबई के VIP क्लबों पर FDA की बड़ी कार्रवाई
"क्या देश के सबसे बड़े और VIP क्लबों में परोसा जा रहा था गंदा खाना? आखिर FDA की जांच में ऐसा क्या मिला कि लाइसेंस तक सस्पेंड करना पड़ा?" मुंबई के कई प्रतिष्ठित क्लबों और रेस्टोरेंट्स में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन यानी FDA ने शहर के हाई-प्रोफाइल क्लबों और फूड आउटलेट्स पर बड़ी कार्रवाई की है।
जांच के दौरान कई जगहों पर गंदे किचन, रेंगते हुए कॉकरोच, मक्खियों का प्रकोप और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। अधिकारियों ने पाया कि कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के रखरखाव को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही थी।
Cricket Club of India का फूड लाइसेंस सस्पेंड
FDA की सबसे बड़ी कार्रवाई क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (CCI) पर हुई है। जांच में नियमों का उल्लंघन मिलने के बाद CCI का फूड सेफ्टी लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया।
इसके अलावा MIG क्रिकेट क्लब, आरके जुहू जिमखाना, अपर्णा जुहू जिमखाना और विलिंग्डन स्पोर्ट्स क्लब पर भी खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने के चलते कार्रवाई की गई।
गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब को मिला स्टॉप बिजनेस नोटिस
FDA की कार्रवाई सिर्फ लाइसेंस निलंबन तक सीमित नहीं रही। मुंबई के मालाड पश्चिम स्थित गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब में बिना वैध लाइसेंस के कारोबार चलता पाया गया, जिसके बाद FDA ने तुरंत 'स्टॉप बिजनेस' नोटिस जारी कर दिया।
81 होटल, रेस्टोरेंट और क्लबों की हुई जांच
यह कार्रवाई महाराष्ट्र में 24 से 27 जुलाई के बीच चलाए गए विशेष जांच अभियान का हिस्सा थी। इस दौरान FDA ने राज्यभर में कुल 81 होटल, रेस्टोरेंट और क्लबों का निरीक्षण किया।
जांच अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि खाने-पीने की जगहों पर साफ-सफाई, लाइसेंस और खाद्य सुरक्षा नियमों का सही तरीके से पालन हो रहा है या नहीं।




