दायीं मुख्य नहर से निकले मूंडला माइनर के अंतिम छोर पाडलिया-हिगोनिया क्षेत्र में सीसी लाइनिंग एवं टाइल्स (चौके) पक्का निर्माण कार्य शुरू किया गया है।
इस निर्माण कार्य का उद्देश्य टेल क्षेत्र के किसानों को सिंचाई हेतु पर्याप्त और निर्बाध पानी उपलब्ध कराना तथा सिंचाई क्षमता को बढ़ाना है। कार्य पूरा होने के बाद अंतिम छोर के खेतों तक समय पर पानी पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
पाडलिया गांव के किसान प्रवीण गालव, राजाराम सुमन, जुगराज सिंह, योगेंद्र गालव, श्याम राठी, सुरेन्द्र बैरवा, भोजराज गुर्जर, अमृत गुर्जर सहित अन्य किसानों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने माइनर की चौड़ाई एवं गहराई कम दिखाई देने पर टेल क्षेत्र तक पर्याप्त पानी पहुंचने को लेकर चिंता व्यक्त की और निर्माण कार्य रुकवाकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया।
इसके बाद कनिष्ठ अभियंता सुरेश चौधरी मौके पर पहुंचे और किसानों को आश्वस्त किया कि माइनर का निर्माण कार्य डिजाइन के अनुसार ही किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जैसे-जैसे मिट्टी का उठाव होगा, माइनर की वास्तविक साइज स्पष्ट दिखाई देने लगेगी और जल प्रवाह बेहतर होगा।
उन्होंने कहा कि सीएडी मांगरोल के मार्गदर्शन में सीसी व टाइल लाइनिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। मूंडला माइनर के भटवाड़ा हैड से ऊपर 250 मीटर तथा पाडलिया-हिगोनिया क्षेत्र में लगभग एक किलोमीटर लाइनिंग कार्य स्वीकृत है।
अधिकारियों के अनुसार कार्य शीघ्र पूरा होने के बाद टेल एरिया के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी समय पर उपलब्ध हो सकेगा, जिससे कृषि उत्पादन में सुधार की उम्मीद है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




