मोहरा कला में स्थित श्री बालाजी मंदिर की पावन नगरी में 5 अप्रैल 2026, शनिवार को एक भव्य धार्मिक आयोजन आयोजित होने जा रहा है। इस अवसर पर श्री शिव मंदिर के द्वादश एवं श्री इच्छाधारी बालाजी मंदिर के त्रयोदश पाटोत्सव के उपलक्ष्य में सुखदेव भक्ति फाउंडेशन द्वारा विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी कुशालगिरिजी महाराज का आगमन रात्रि 8:30 बजे होगा। उनके स्वागत के लिए पूरे क्षेत्र में विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
महामंडलेश्वर के काफिले का सर्वप्रथम स्वागत मेड़ता में नागौरी श्रृंगार स्थल पर किया जाएगा। इसके बाद चौमुखा शिव मंदिर पर श्रद्धालुओं द्वारा अभिनंदन होगा। मेड़ता से कात्यासनी तक यात्रा डीजे काफिले के साथ निकाली जाएगी, जहां चौधरी परिवार एवं गौभक्तों द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।
इसके पश्चात काफिला भंवाल माता के दर्शन कर आगे बढ़ेगा। आनंदपुर कालू के बस्सी चौराहे पर कामधेनु सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोहर भड़ियासर, महेंद्र सिंह सिसोदिया एवं कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा।
जैतारण के बिजलीघर चौराहे पर शिवसेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सैनी द्वारा तलवार भेंट कर सम्मान किया जाएगा। अंत में यह काफिला जैतारण शहर से होते हुए डीजे के साथ मोहरा कला पहुंचेगा।
भजन संध्या में प्रसिद्ध गायिका गीता बेन रेबारी एंड पार्टी (गुजरात) अपनी मधुर प्रस्तुतियां देंगी। कार्यक्रम रात्रि 8:00 बजे से प्रारंभ होगा। साथ ही इसका लाइव प्रसारण “आस्था भजन लाइव” यूट्यूब चैनल पर भी किया जाएगा, जिससे दूर-दराज के श्रद्धालु भी कार्यक्रम का आनंद ले सकेंगे।
यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करेगा।




