मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं देवासी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजस्थान सरकार के ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्यमंत्री तथा झालावाड़ जिले के प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखा।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्ष केवल शासन के नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के स्वर्णिम अध्याय रहे हैं। इस अवधि में भारत ने विकास, जनकल्याण, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अंत्योदय के मंत्र को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। आज भारत विश्व की सबसे तेजी से विकसित होती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उपलब्धियों के प्रमुख आंकड़े
80 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया गया।
4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान प्रदान किए गए।
10 करोड़ से अधिक उज्ज्वला गैस कनेक्शन वितरित किए गए।
50 करोड़ से अधिक लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य बीमा कवरेज मिला।
देशभर में 90 से अधिक नए एयरपोर्ट विकसित किए गए।
140 से अधिक वंदे भारत ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया।
1.45 लाख किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण और उन्नयन किया गया।
3000 किलोमीटर से अधिक आधुनिक एक्सप्रेस-वे विकसित किए गए।
जल जीवन मिशन के माध्यम से करोड़ों परिवारों तक नल से जल पहुंचाया गया।
जनधन योजना, डिजिटल भुगतान और डीबीटी के जरिए पारदर्शी शासन को बढ़ावा मिला।
गरीब कल्याण योजनाओं से बदली तस्वीर
देवासी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। सरकार ने गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग को विकास की मुख्यधारा में लाने का कार्य किया है।
महिलाओं, युवाओं और किसानों पर विशेष फोकस
उन्होंने बताया कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लखपति दीदी योजना सहित कई कल्याणकारी कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। वहीं युवाओं के लिए कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए गए हैं।
किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और ब्याजमुक्त ऋण जैसी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।




