कस्बे की पंचायत समिति परिसर में गुरुवार को पंचायत राज मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के राज्यव्यापी आंदोलन के तहत कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सद्बुद्धि यज्ञ किया। इस दौरान पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत स्तर के कार्यालयों में कर्मचारियों ने पेन डाउन कर कार्य का पूर्ण बहिष्कार किया, जिससे पूरे दिन दफ्तरों में कामकाज प्रभावित रहा।
ब्लॉक अध्यक्ष बनवारी लाल जाट के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कर्मचारियों ने सरकार से स्वतंत्र कार्य विभाजन, कैडर रिव्यू, अतिरिक्त पंचायत भत्ता सहित अन्य लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग दोहराई। कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से मांगें लंबित हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है, जिससे कर्मचारियों में गहरा असंतोष है।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक व उग्र रूप दिया जाएगा। कर्मचारियों ने इसे अपने अधिकारों की निर्णायक लड़ाई बताया।
सद्बुद्धि यज्ञ में ब्लॉक अध्यक्ष बनवारी लाल जाट, उपाध्यक्ष छोटूलाल गुर्जर, मंत्री मनीष जैन, कुलदीप जैन, अमित करोड़ीवाल, रंजीत सांखला, भंवरलाल जाट, भागचंद, पीयूष पांचाल, निरमा मीणा, बीना वर्मा, अनुसूया कंवर, निरमा जाट, सत्यनारायण जाट, सीपी कुमावत, शंकरलाल धाकड़ सहित बड़ी संख्या में मंत्रालयिक कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की और आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




