जन्मदिन पर भामाशाह चुन्नू सोनी ने मरीजों की सेवा का दिया अनूठा संदेश
मनियां कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में युवा व्यवसायी एवं भामाशाह बिजेंद्र सोनी उर्फ़ चुन्नू सोनी ने अपने बेटे हर्ष के जन्मदिन के अवसर पर समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए अस्पताल प्रशासन को एक कंप्यूटर सेट भेंट किया तथा मरीजों को फल वितरित किए। यह आयोजन राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा की प्रेरणा से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. यादव ने अतिथियों चुन्नू सोनी, हितेन्द्र उर्फ छोटू सोनी एवं पुष्पेंद्र सोनी का साफा और माला पहनाकर स्वागत किया। डॉ. यादव ने कहा कि भामाशाह समाज की रीढ़ होते हैं और उनके सहयोग से मनियां सीएचसी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं वाला अस्पताल बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
हितेन्द्र उर्फ छोटू सोनी ने कहा कि उनका परिवार हर वर्ष जन्मदिन जैसे अवसरों पर अनावश्यक खर्च करने के बजाय जरूरतमंदों की सहायता करना अधिक उचित समझता है। उन्होंने समाज के अन्य भामाशाहों से भी जनहित के कार्यों में आगे आने की अपील की।
भामाशाह चुन्नू सोनी ने कहा कि बेटे के जन्मदिन पर अस्पताल को कंप्यूटर और मरीजों को फल वितरित कर उन्हें विशेष संतोष और खुशी का अनुभव हुआ। उनका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों की मदद करना और समाज में सेवा की भावना को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर डॉ. शोभित शर्मा, डॉ. पंकज त्यागी, कांग्रेस संगठन महामंत्री संतोष सिंघल, हरेंद्र सोनी, जय सोनी, नित्या सोनी, वान्या सोनी, प्रियांशु सोनी, आर्यन सोनी, शौर्य सोनी, आद्विक सोनी, वीकेश बघेल, डॉ. विनीत गर्ग, डॉ. मयंक मित्तल, रामअवतार कुशवाह, लक्ष्मण सिंह, हेमंत ठाकुर, यादव सिंह सहित अस्पताल स्टाफ एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।




