मांगरोल में तालाब निर्माण कार्य में अनियमितताओं के आरोप, जांच की मांग
नगर पालिका क्षेत्र के सीसवाली रोड स्थित चांदा वाले तालाब में केंद्र एवं राज्य सरकार की जल स्वावलंबन योजना के तहत करीब 3 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से तालाब निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका ने संबंधित क्षेत्र से अतिक्रमण हटाए बिना ही निर्माण कार्य शुरू करवा दिया। वहीं ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी करते हुए अपनी मनमर्जी से कार्य किया जा रहा है।
लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल में कई स्थानों पर पत्थरों के बीच पर्याप्त मसाला नहीं भरा गया है, जिससे दीवार की मजबूती पर सवाल उठ रहे हैं। इसके अलावा निर्माण सामग्री के रूप में रखे गए एम-सैंड (M-Sand) के ढेर में भी मिट्टी मिली होने का आरोप लगाया गया है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन की ओर से निर्माण कार्य की प्रभावी निगरानी नहीं किए जाने के कारण ठेकेदार मनमाने ढंग से काम कर रहा है। लोगों ने पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नगर पालिका सूत्रों के अनुसार, वर्तमान में ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य बंद कर दिया गया है। हालांकि कार्य बंद होने के कारणों को लेकर आधिकारिक रूप से कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए




