बस हुई ब्रेकडाउन, सवारी हुई परेशान
मांगरोल। बांरा डिपो से प्रतिदिन शाम 5 बजे के बाद मांगरोल, इटावा और खातोली जाने वाली राजस्थान रोडवेज बस के बार-बार ब्रेकडाउन होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बस में यात्रा करने वाले यात्री समय पर अपने गांव और गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
बस में यात्रा कर रहे पत्रकार पुरुषोत्तम सोनी ने बताया कि सोमवार शाम 5 बजे राजस्थान रोडवेज की बस संख्या RJ17 PA 1950 बांरा डिपो से रवाना हुई। यह बस मांगरोल मार्ग पर चलने वाली अंतिम बस होती है, जिसके बाद इस रूट पर कोई अन्य बस उपलब्ध नहीं रहती।
मांगरोल पहुंचते ही खराब हुई बस
सोमवार शाम करीब 7 बजे मांगरोल पहुंचने पर बस के कबाणिया पट्टे टूट जाने से बस आगे नहीं बढ़ सकी। चालक ने बस को ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके कारण मांगरोल, अयाना, इटावा और खातोली जाने वाले यात्रियों को काफी देर तक परेशान होना पड़ा।
यात्रियों को उठाना पड़ा अतिरिक्त खर्च
बस खराब होने के बाद खातोली और इटावा जाने वाले यात्रियों को मजबूरन निजी जीपों का सहारा लेना पड़ा। यात्रियों ने प्रति सवारी 100 रुपये किराया देकर अपने गंतव्य तक पहुंचने की व्यवस्था की।
रखरखाव पर उठे सवाल
बस चालक और परिचालक के अनुसार यह बस निर्धारित किलोमीटर सीमा पूरी कर चुकी है, इसके बावजूद इसे नियमित रूप से रूट पर चलाया जा रहा है। यात्रियों का आरोप है कि वर्कशॉप स्तर पर बसों के रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा, जिसके कारण आए दिन ऐसी समस्याएं सामने आती हैं।
यात्रियों ने राजस्थान रोडवेज प्रशासन से मांग की है कि इस रूट पर संचालित बसों की नियमित जांच और समय पर मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा मिल सके।




