मांगरोल में सड़क अतिक्रमण से लग रहा जाम, लोग परेशान
मांगरोल नगर से होकर गुजर रहे मुख्य स्टेट हाईवे रोड पर दुकानदारों द्वारा सड़क सीमा की जमीन पर सामान रखकर किए जा रहे अतिक्रमण से आए दिन वाहनों का जाम लग रहा है। इस समस्या से आमजन, राहगीर और वाहन चालक लगातार परेशान हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर बड़े-बड़े भारी वाहन, ट्रक, कैप्सूल और बसों का लगातार आवागमन होता है। जयपुर से सीधा जुड़ाव होने के कारण इस सड़क पर यातायात का दबाव भी अधिक रहता है। इसके बावजूद कई दुकानदार सड़क किनारे ही नहीं, बल्कि रोड सीमा तक अपना सामान फैलाकर रखते हैं, जिससे मार्ग संकरा हो जाता है और जाम की स्थिति बन जाती है।
समस्या को और गंभीर बनाते हुए कुछ लोग अपनी बाइक भी सड़क के बीच में खड़ी कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। सीसवाली रोड से लेकर सुभाष सर्किल तक ऐसे हालात लगातार बने हुए हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि दिनभर पुलिस प्रशासन की गाड़ियां यहां से गुजरती रहती हैं, लेकिन इस समस्या को अनदेखा किया जा रहा है।
लोगों ने बताया कि अतिक्रमण का मुद्दा कई बार सीएलजी बैठकों में भी उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासन की निष्क्रियता के कारण अतिक्रमण करने वालों के हौसले बुलंद हैं।
मांगरोल की जनता और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और चालान काटे जाएं। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




