मांगरोल में प्लास्टिक कचरा मुक्त अभियान, स्वच्छता रथ को दिखाई हरी झंडी
राजस्थान सरकार के पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार पंचायत समिति मांगरोल क्षेत्र में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत प्लास्टिक कचरा मुक्त अभियान की शुरुआत की गई। यह विशेष अभियान 16 फरवरी से 28 फरवरी तक प्रत्येक ग्राम पंचायत में संचालित किया जाएगा।
पंचायत समिति मांगरोल के सभागार में आयोजित कार्यशाला में सभी ग्राम पंचायत प्रशासकों और ग्राम विकास अधिकारियों को स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। बैठक में स्पष्ट किया गया कि गांवों को प्लास्टिक कचरे से मुक्त करने के लिए विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।
अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों से अपील की गई कि प्लास्टिक कचरे को इधर-उधर न फेंककर निर्धारित कचरा पात्र में ही डालें और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। इसी उद्देश्य से प्लास्टिक मुक्त अभियान रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो गांव-गांव जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेगा।
सभी सरपंचों और ग्राम विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने गांवों में साफ-सफाई सुनिश्चित करें और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का भी संदेश देता है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




