मांगरोल में लम्पी रोग टीकाकरण अभियान शुरू, पशुपालकों से सहयोग की अपील
केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की योजना के तहत 24 जून से मांगरोल क्षेत्र में लम्पी रोग टीकाकरण अभियान का शुभारंभ कर दिया गया है। पशुपालन विभाग ने क्षेत्र के सभी पशुपालकों से अपने गोवंश और भैंसवंश का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की है।
उपनिदेशक एवं ब्लॉक पशु चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार झलके ने बताया कि क्षेत्र के सभी स्थानों पर लम्पी रोग के टीकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। विभाग की टीकाकरण टीमें गोशालाओं, पंचायतों और गांवों में पहुंचकर पशुओं का टीकाकरण कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि लम्पी रोग होने पर पशुओं के शरीर पर छोटी-छोटी गांठें बनने लगती हैं, तेज बुखार आता है और पशु चारा-पानी छोड़ देता है। इस बीमारी का असर दूध उत्पादन पर भी पड़ता है, जिससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
डॉ. झलके ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में एक पशु लम्पी रोग से संक्रमित हो जाता है, तो यह बीमारी अन्य गोवंश और भैंसवंश में भी तेजी से फैल सकती है। ऐसे में समय पर टीकाकरण ही सबसे प्रभावी बचाव है।
उन्होंने सभी पशुपालकों से आग्रह किया कि जब विभाग की टीकाकरण टीम उनके गांव पहुंचे तो वे पूरा सहयोग करें और अपने सभी पशुओं का टीकाकरण अवश्य करवाएं। इससे पशुधन सुरक्षित रहेगा और राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान को भी सफलता मिलेगी।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat




