मांगरोल पंचायत समिति सभागार में बुधवार 22 अप्रैल को कृषि विभाग की ओर से “धरती माता बचाओ अभियान” के तहत ब्लॉक स्तरीय बैठक एवं कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपखंड अधिकारी सौरभ भांबू ने की।
इस गोष्ठी में किसानों को “आपणो खेत - आपणी खाद” अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही फसल अवशेष प्रबंधन, उर्वरक डाइवर्जन रोकने और मिट्टी की सेहत सुधारने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
कृषि विभाग के सहायक कृषि अधिकारी राजकुमार मीना ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करना और देसी गोबर की खाद को बढ़ावा देना है। उन्होंने किसानों को फसल अवशेषों को जलाने के बजाय उन्हें मृदा में मिलाने की सलाह दी, जिससे मिट्टी की उर्वरक क्षमता बढ़ती है और कार्बनिक पदार्थों की मात्रा में वृद्धि होती है।
उन्होंने यह भी बताया कि इससे मिट्टी में लाभदायक सूक्ष्मजीवों का विकास होता है, जो फसल उत्पादन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया और विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी किसानों और प्रतिभागियों को “धरती माता बचाओ अभियान” की शपथ दिलाई गई, ताकि वे पर्यावरण संरक्षण और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक रासबिहारी मीना, भरत सिंह हाड़ा, अंतिम कुमार मीना, मनमोहन मीना, विष्णु शंकर नागर सहित बड़ी संख्या में किसान एवं आदान-विक्रेता उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें। Instagram:




