अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, चाय की टापरी टूटी, बड़ा हादसा टला
मांगरोल थाना क्षेत्र में अवैध बजरी और मिट्टी के परिवहन पर रोक नहीं लगने के कारण एक बार फिर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गुरुवार शाम करीब 6 बजे बंबोरी रोड स्थित सहरिया बस्ती के पास अवैध बजरी से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में सड़क किनारे बनी चाय की टापरी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि पास में खड़ी एक बाइक भी इसकी चपेट में आ गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर अवैध बजरी और मिट्टी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज गति से लगातार दौड़ते रहते हैं, जिससे क्षेत्र में हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर चालक के सामने अचानक एक बकरी आ जाने से वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली सीधे चाय की दुकान के सामने बनी टापरी पर पलट गई।
गनीमत रही कि घटना के समय चाय की दुकान पर बैठे लोग समय रहते सुरक्षित निकल गए। यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद ट्रैक्टर मालिक, चाय दुकान संचालक और बकरी मालिक के बीच आपसी समझौता हो गया। नुकसान की भरपाई कर दिए जाने के कारण मामले में थाने में कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर में रात 9 बजे के बाद से सुबह 6 बजे तक थाने के सामने से ही अवैध बजरी और मिट्टी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजरते हैं, लेकिन पुलिस द्वारा अवैध खनन और परिवहन करने वाले माफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बावजूद प्रशासन की निष्क्रियता पर लोगों ने नाराजगी जताई है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat




