तेज आंधी-तूफान से किसानों को भारी नुकसान, सोलर पंप की प्लेटें क्षतिग्रस्त
क्षेत्र के देशामा गांव सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में आए तेज आंधी-तूफान ने किसानों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। शनिवार देर शाम चली तेज हवाओं और धूल भरी आंधी के कारण कई किसानों के खेतों में लगे सोलर पंपों की सोलर प्लेटें क्षतिग्रस्त हो गईं। कहीं प्लेटें टूट गईं तो कहीं उनके स्टैंड उखड़ गए, जिससे सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है।
राजस्थान में हाल ही में तेज आंधी और तूफान को लेकर मौसम विभाग ने भी अलर्ट जारी किया था। आंधी के असर से मालपुरा-डिग्गी क्षेत्र के कई किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
किसानों ने बताया कि सोलर पंप उनके खेतों की सिंचाई का मुख्य साधन हैं। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर सोलर पैनल जमीन पर गिर गए और उनमें दरारें आ गईं। इससे किसानों को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
सोलर पंपों के क्षतिग्रस्त होने से खेतों में पानी की आपूर्ति बाधित हो गई है, जिससे आगामी फसलों की बुवाई और सिंचाई पर संकट मंडराने लगा है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो कृषि कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
पीड़ित किसान कमलेश कंवर, अंबालाल मीणा, रामलाल माली, रामकल्याण माली, मीरा देवी एवं मुन्नी देवी सहित अन्य किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे करवाकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा से हुए इस नुकसान की भरपाई सरकारी सहायता के बिना संभव नहीं है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को राहत देने तथा नुकसान का उचित आकलन कर मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




