माल-बमोरी सड़क निर्माण शुरू कराने की उठी जोरदार मांग
बारिश से पहले क्षतिग्रस्त मार्ग के निर्माण की मांग, लोगों में बढ़ी चिंता
मांगरोल से माल-बमोरी तक 41.20 किलोमीटर लंबे क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं होने से क्षेत्रवासियों और वाहन चालकों में नाराजगी बढ़ रही है। राजस्थान राज्य सड़क प्राधिकरण के माध्यम से संवेदक को सड़क हस्तांतरित किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश का मौसम नजदीक है। ऐसे में सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाएगा, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका और अधिक बढ़ जाएगी। सड़क मार्ग से गुजरने वाले बाइक सवारों और अन्य वाहन चालकों को गंभीर जोखिम का सामना करना पड़ सकता है।
खड़ेली भडौलियान क्षेत्र में नदी के पास स्थित पुलिया पर लोहे के जाल के तार बाहर निकल आए हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने पर ये तार दिखाई नहीं देंगे, जिससे दोपहिया वाहन फिसलने और दुर्घटना होने की संभावना बनी रहेगी।
सड़क निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार सहदेव चौधरी ने बताया कि परियोजना के तहत मांगरोल, बोहत और बारां क्षेत्र में तीन बाईपास सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बोहत कस्बे में स्वीकृत 3600 मीटर लंबे बाईपास मार्ग पर मिट्टी डालकर रास्ता बनाने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
उन्होंने बताया कि बारिश के पानी की निकासी को ध्यान में रखते हुए बाईपास मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर सीमेंट पाइप भी डाले गए हैं। दो से तीन दिनों में मिट्टी डालने का कार्य पूरा होने की संभावना है। वहीं मांगरोल बाईपास के लिए भी जेसीबी मशीनों से कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
इसके बावजूद मुख्य सड़क मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से क्षेत्र के लोगों और यात्रियों को लगातार असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।




