ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नियम तोड़ने वाले 16 वाहन चालक दंडित
सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से मकराना यातायात शाखा द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान विभिन्न यातायात उल्लंघनों के मामलों में कुल 16 चालान बनाकर 7 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
यातायात शाखा के अनुसार यह विशेष अभियान 4 जून से 30 जून 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इसके तहत शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। अभियान के दौरान ऐसे वाहन चालकों को चिन्हित किया गया जो यातायात नियमों की अवहेलना कर स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल रहे थे।
कार्रवाई के दौरान काली फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ दो चालान बनाकर जुर्माना लगाया गया। वहीं नंबर प्लेट पर पार्टी, जाति या अन्य प्रकार के प्रतीक चिन्ह अंकित करने तथा बिना अनुमति राजनीतिक, धार्मिक या सामाजिक संगठनों के स्टीकर और फोटो लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
यातायात नियमों के अनुसार वाहन की पहचान स्पष्ट बनाए रखने के लिए निर्धारित प्रारूप की नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य है। अभियान के दौरान वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले चालकों पर भी विशेष सख्ती बरती गई। ऐसे दो वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा गलत दिशा में वाहन चलाने, यातायात पुलिसकर्मियों के संकेतों की अवहेलना करने और सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। सीट बेल्ट नहीं लगाने के दो मामलों में 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वहीं नो पार्किंग क्षेत्र और सार्वजनिक सड़कों पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने के मामलों में 6 चालान जारी किए गए। पुलिस का कहना है कि सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहन यातायात बाधित करने के साथ दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं।
मकराना यातायात पुलिस के देवेन्द्र पाल ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने नागरिकों से वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।




