मकराना रोटरी क्लब पदस्थापन समारोह में जाकिर हुसैन बने अध्यक्ष, एन. पुरोहित को सचिव की जिम्मेदारी
मकराना में रोटरी क्लब का पदस्थापन समारोह आयोजित किया गया। बोरावड़ रोड स्थित वेलकम सिनेमा में हुए इस कार्यक्रम में नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। समारोह में जाकिर हुसैन गैसावत को क्लब अध्यक्ष और एन. पुरोहित को सचिव पद की जिम्मेदारी दी गई। इस दौरान क्लब के सदस्यों ने समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3053 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. निशा शेखावत पदस्थापन अधिकारी के रूप में शामिल हुईं। वहीं सीओ विक्की नागपाल और नगर परिषद आयुक्त सुनील चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह की अध्यक्षता जाकिर हुसैन गैसावत ने की।
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
समारोह की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद पदस्थापन अधिकारी डॉ. निशा शेखावत ने जाकिर हुसैन गैसावत को क्लब अध्यक्ष और एन. पुरोहित को सचिव पद की शपथ दिलाई।
वहीं असिस्टेंट गवर्नर अजीज गहलोत ने उपाध्यक्ष बाबूलाल विश्नोई, सहसचिव एडवोकेट आबिद और कोषाध्यक्ष दीपक शमां को उनके पदों की जिम्मेदारी की शपथ दिलाई। इस अवसर पर नए रोटेरियन सदस्य नवल मुदड़ा, भवानी सिंह चाडिया, देवेंद्र सिंह राठौड़ और अब्दुल मुनाफ ने भी शपथ ग्रहण की।
जरूरतमंदों की सहायता पर दिया जोर
पदस्थापन अधिकारी डॉ. निशा शेखावत ने कहा कि रोटरी क्लब समाजसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने क्लब के सदस्यों से जरूरतमंद लोगों की सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में सक्रियता से काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि नए पदाधिकारियों के सामने समाजहित में काम करने और सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाने का अवसर है। सभी सदस्यों को मिलकर ऐसे कार्य करने चाहिए, जिनका लाभ समाज के जरूरतमंद वर्ग तक पहुंच सके।
सामाजिक संगठनों की भूमिका महत्वपूर्ण: विक्की नागपाल
विशिष्ट अतिथि सीओ विक्की नागपाल ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सामाजिक संगठनों की भूमिका महत्वपूर्ण है। रोटरी क्लब जैसे संगठन जनहित के कार्यों में प्रशासन का सहयोग कर सकते हैं और लोगों में जागरूकता बढ़ाने में योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने क्लब के सदस्यों से सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।



