नगर परिषद मकराना में पीएम स्वनिधि योजना के तहत लोक कल्याण मेले 8 जून से
नगर परिषद मकराना द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत विशेष लोक कल्याण मेलों का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर 8 से 12 जून, 15 से 16 जून, 18 से 19 जून, 22 से 25 जून तथा 29 से 30 जून तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक नगर परिषद कार्यालय मकराना में आयोजित किए जाएंगे।
नगर परिषद आयुक्त ने बताया कि इन शिविरों के माध्यम से शहर के पथ विक्रेताओं, छोटे व्यापारियों, हॉकर, गिग वर्कर्स, भवन निर्माण श्रमिकों, दस्तकारों, ट्रांसपोर्ट वर्कर्स, रेग पिकर्स सहित असंगठित क्षेत्र से जुड़े लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को बिना गारंटी आसान ऋण उपलब्ध कराया जाता है। शिविरों में प्रथम ऋण 15 हजार रुपये, द्वितीय ऋण 25 हजार रुपये तथा तृतीय ऋण 50 हजार रुपये तक के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
इसके अलावा पूर्व में स्वीकृत ऋणों का वितरण, लंबित प्रकरणों का निस्तारण तथा ऋण नवीनीकरण की प्रक्रिया भी शिविर स्थल पर ही पूरी की जाएगी, जिससे लाभार्थियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
शिविरों में विभिन्न राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे, जो पात्र आवेदकों के आवेदन प्राप्त कर आवश्यक बैंकिंग प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे।
डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लाभार्थियों को यूपीआई एवं क्यूआर कोड उपलब्ध करवाए जाएंगे। साथ ही पीएम स्वनिधि मोबाइल एप इंस्टॉल करवाकर डिजिटल लेनदेन के लिए जागरूक और प्रेरित किया जाएगा।
नगर परिषद प्रशासन ने पात्र लाभार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




